तीन दिन से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदलने और विद्युत आपूर्ति को लेकर लोगों ने सड़क पर जाम लगाया
मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया....

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
बिजली कटौती से परेशान जनता सड़क पर उतरी, अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम…
हापुड़ (यूपी)- तीन दिन से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदलने से बिजली नहीं आने और विद्युत आपूर्ति को लेकर आज जनता का गुस्सा फूट पड़ा । लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर घंटों नारेबाजी की ।
हापुड़ तहसील के स्वर्ग आश्रम रोड पर एक ट्रांसफार्मर तीन दिन से खराब पड़ा है । जिसे बदलने के लिए क्षेत्रवासियों ने कई बार शिकायत की है लेकिन उसके बाद भी बिजली विभाग के किसी भी अधिकारी ने कोई कार्यवाही नहीं की । जिससे कुछ कालोनियों में बिजली की आपूर्ति ठप्प हो गई है । तीन दिन से बिजली ना आने से परेशान लोगों का बिजली विभाग के प्रति गुस्सा फूट गया और लोगों की भीड़ ने हापुड देहात थाना क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड पर जाम लगाते हुए बिजली विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करी । भीषण गर्मी के बीच बिजली की कटौती से लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है , रात्रि में बिजली कटौती से लोग सो भी नहीं पा रहे हैं । इससे परेशान होकर आज पीड़ित लोगों की भीड़ ने स्वर्ग आश्रम रोड स्थित दोयमी रेल फाटक के पास सड़क पर जाम लगा दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । इसी बीच बिगड़ते माहौल और जाम की सूचना पर हापुड देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पारस मलिक और हापुड नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष चौहान मौके पर भरी पुलिसबल के साथ पहुंच गए और जाम लगाने वाली भीड़ को समझाते हुए बमुश्किल जाम खुलवाया । हापुर में एक बार फिर विद्युत आपूर्ति की कमी को लेकर उपभोक्ताओं ने सड़क पर हंगामा कर दिया।
सभासद मोनू बजरंग ने बताया कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है ।
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और सड़क से जाम हटवाया। इसके बाद बिजली निगम के अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जल्द ट्रांसफार्मर बदलने और नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है । अधिकारियों के आश्वासन के बाद लगभग दो घंटे बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर लोगों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश बना हुआ है।



