शामली

2027 में भी भाजपा-रालोद गठबंधन रहेगा अटूट

विकास और किसानों के हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: जयंत चौधरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने रविवार को शामली जनपद के गांव कांबडौत में केंद्रीय विद्यालय के शिलान्यास समारोह के उपरांत आयोजित विशाल जनसभा में अपने संबोधन से कार्यकर्ताओं और आमजन में नया उत्साह भर दिया। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा और राष्ट्रीय लोक दल का गठबंधन पूरी मजबूती के साथ कायम रहेगा और दोनों दल विकास, सुशासन तथा किसानों की समृद्धि के लक्ष्य को लेकर साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे।
जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और किसान के हितों की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के समक्ष ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कोल्हू, क्रशर एवं छोटे उद्योगों से जुड़े किसानों और मजदूरों की चिंताओं को मजबूती से उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप प्रस्तावित कानून को लागू नहीं किया गया। इससे हजारों परिवारों का रोजगार सुरक्षित रहा और किसानों को बड़ी राहत मिली।
जयंत चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। किसान, युवा, महिलाएं और गरीब परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं तथा सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शामली में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे शामली, कांधला, कैराना सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए युवाओं से कौशल विकास योजनाओं, आईटीआई और तकनीकी शिक्षा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
पत्रकारों से बातचीत में जयंत चौधरी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा-रालोद गठबंधन पर उठ रहे सभी कयासों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कहा कि यह गठबंधन पूरी मजबूती के साथ आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का साझा लक्ष्य प्रदेश का विकास, किसानों की खुशहाली और युवाओं का उज्ज्वल भविष्य है।
राम मंदिर चंदा प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना कार्य पूरी पारदर्शिता से करेगा और जनता का विश्वास कायम रहेगा।
सभा को सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, सांसद चंदन चौहान, मंत्री अनिल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व विधायक राव वारिस, रालोद जिला संयोजक डॉ. विक्रांत जावला सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में हजारों किसानों, महिलाओं, युवाओं और कार्यकर्ताओं की ऐतिहासिक उपस्थिति ने यह संकेत दिया कि जयंत चौधरी का

जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। केंद्रीय विद्यालय की सौगात और विकास के संकल्प को लेकर लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया तथा पूरे कार्यक्रम में भाजपा-रालोद गठबंधन के समर्थन में गगनभेदी नारे गूंजते रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button