
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : जनपद में जुलाई माह के दौरान संचालित किए जाने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को माननीय विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भमोरा और बिथरीचैनपुर में किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजागरूकता रैली, प्रचार प्रसार वाहनों और फॉगिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनसहभागिता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। जिला सर्वेलेंस अधिकारी डॉ प्रशांत रंजन नें बताया की अभियान के अंतर्गत नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई कराई जाएगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आरती यादव, हरेंद्र पटेल, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डॉ विवेक कुमार और डॉ उत्तरा शर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह , समस्त मलेरिया निरीक्षक, डब्ल्यूएचओ से डॉ पी वी कौशिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




