खैरथल
सफलता की कहानी
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिला पक्का आशियाना, कमला का सपना हुआ साकार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार एवं पंचायत राज विभाग द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से पात्र परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों के तहत ग्राम असलीमपुर, ग्राम पंचायत विराटपुर की निवासी कमला पत्नी फूल सिंह को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्का आवास प्राप्त हुआ। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
कमला बताती हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था, जहाँ बरसात और अन्य मौसमों में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद उनका पक्का घर बनकर तैयार हुआ और अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं।
उन्होंने बताया कि नए घर की चाबी मिलने से उनके परिवार को स्थायी आश्रय मिला है तथा बच्चों के भविष्य के लिए भी एक सुरक्षित वातावरण तैयार हुआ है। अब उन्हें मौसम की मार और असुरक्षा की चिंता नहीं रहती।
कमला ने इस सहायता के लिए राजस्थान सरकार, पंचायती राज विभाग तथा ग्रामीण सेवा शिविर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आई है। उन्होंने अन्य पात्र ग्रामीणों से भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।


