
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत लोनी तिराहे के पास सड़क के बीच बनी एक मजार को हटवा दिया। इसके साथ ही क्षेत्र के दो अन्य स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों पर भी बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। पूरी कार्रवाई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए लोनी तिराहा और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे, जबकि अन्य दोनों स्थानों पर भी पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।
एसीपी ने बताया कि संबंधित मजार सड़क के बीच स्थित होने के कारण यातायात संचालन में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसी वजह से नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में प्रशासन लोनी क्षेत्र में कई अवैध मजारों और अन्य अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान चला चुका है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


