गोड्डा
उड़ान प्रोजेक्ट के तहत शैक्षणिक सत्र के औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने और उनमें उद्यमिता की सोच विकसित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘उड़ान प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
‘उड़ान प्रोजेक्ट’ अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के प्रेरणादायक जीवन-सफर से प्रेरित पहल है। अपने बचपन में कांडला पोर्ट के भ्रमण के दौरान उनके मन में यह विचार आया था कि भविष्य में वे भी पोर्ट व्यवसाय से जुड़ेंगे। उस छोटे से सपने और दूरदर्शी सोच ने आगे चलकर उन्हें देश के अग्रणी उद्योगपतियों में स्थान दिलाया। आज अदाणी समूह पोर्ट, ऊर्जा, हवाई अड्डा, रक्षा, सीमेंट, खनन, खाद्य तेल, डेटा सेंटर तथा नवीकरणीय ऊर्जा सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है।
उड़ान प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना तथा उन्हें भविष्य के अवसरों एवं उद्यमिता की संभावनाओं से परिचित कराना है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को अदाणी समूह की विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों जैसे पावर प्लांट, एयरपोर्ट, डिफेंस यूनिट, सीमेंट प्लांट, कोल माइंस, अदाणी विल्मर, पोर्ट, सोलर प्लांट, विंड एनर्जी प्रोजेक्ट और डेटा सेंटर आदि का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाता है, जिससे वे उद्योगों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें।
गोड्डा स्थित अदाणी पावर प्लांट के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान जिले के लगभग 50 विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के 110 औद्योगिक भ्रमण आयोजित किए गए, जिनमें करीब 5,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन भ्रमणों ने विद्यार्थियों को उद्योग, प्रौद्योगिकी और करियर के विभिन्न अवसरों के बारे में सीखने का एक अनूठा अनुभव प्रदान किया। उड़ान प्रोजेक्ट के अंतर्गत यह कार्यक्रम जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई एवं इंजीनियरिंग संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए संचालित किया जाता है। अदाणी फाउंडेशन का विश्वास है कि ऐसे अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने, उनके दृष्टिकोण का विस्तार करने तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अदाणी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए युवाओं को सशक्त बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रतिबद्ध है।



