गोड्डा

गोड्डा बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार 

हथियार, नगदी और गलाया हुआ सोना बरामद

फरार अपराधियों की तलाश जारी
जल्द पूरे गिरोह का होगा खुलासा : एसपी
मामले के पूरे खुलासा के लिए कई टीम कर रही कार्य 
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता का आयोजन किया। दौरान उन्होंने बताया कि गोड्डा शहर के चर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज पांच दिनों के अंदर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक, एक देशी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, नकद राशि तथा लूटे गए सोने को गलाकर तैयार किए गए सोने के टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार 8 जुलाई 2026 की शाम गोड्डा शहर स्थित बंगाल ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधी नकाबपोश दुकान में घुसे। इसके बाद उन्होंने दुकान संचालक बासुदेव रॉय को हथियार के बल पर आतंकित किया और विरोध करने पर फायरिंग करते हुए दुकान में रखे सोने के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया था और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना में कांड संख्या 125/2026 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली और मामले का खुलासा हो सका। जांच के दौरान पुलिस ने देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के पड़रिया निवासी अजीत यादव तथा रिखिया थाना क्षेत्र के ठाड़ी निवासी राजेश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की, जहां से घटना में प्रयुक्त नीले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, 41 हजार 500 रुपये नकद तथा लूटे गए सोने को गलाकर बनाए गए करीब 39.93 ग्राम सोने के टुकड़े बरामद किए गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अजीत यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पहले भी लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किए जाने की संभावना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button