गोड्डा
विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलए-2 के साथ बैठक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सुंदरपहाड़ी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर सुंदरपहाड़ी प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बीएलए-2 से अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सहयोग करने की अपील की। बैठक के दौरान मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई तथा मतदान केंद्रवार गणना प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति की स्थिति पर चर्चा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बीएलए-2 को निर्देश दिया कि वे निर्वाचन से संबंधित सभी गतिविधियों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा शिकायत की सूचना तत्काल संबंधित बीएलओ, एईआरओ अथवा निर्वाचन पदाधिकारी को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण करना है। इस कार्य में सभी राजनीतिक दलों एवं उनके बीएलए-2 का सकारात्मक सहयोग अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है। बैठक के अंत में उपस्थित बीएलए-2 द्वारा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया गया। साथ ही सभी से समयबद्ध रूप से गणना प्रपत्रों के सत्यापन एवं आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की गई।



