जालौन

जल प्रकृति की अमूल्य धरोहर इसका संरक्षण सभी का नैतिक दायित्वःगौरी शंकर वर्मा

भू-जल सप्ताह में निकली जागरूकता रैली, हर बूंद बचाने का दिया संदेश 

प्रधानमंत्री के आह्वान पर जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प 
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। प्रधानमंत्री के ‘‘कैच द रेन-हर बूंद बचाएं, भविष्य बनाएं’’ अभियान के आह्वान पर जनपद में भू-जल सप्ताह के अंतर्गत जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य आमजन को भू-जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना था।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि जल प्रकृति की अमूल्य धरोहर है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। यदि प्रत्येक नागरिक वर्षा जल संचयन, जल के सदुपयोग एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि भू-जल स्तर में सुधार के लिए वर्षा जल संचयन, जल पुनर्भरण संरचनाओं का निर्माण तथा जल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति जल संरक्षण के इस महाअभियान का सहभागी बन सके। रैली में महिलाओं के साथ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने कलेक्ट्रेट परिसर से टाउन हॉल तक हाथों में जल संरक्षण संबंधी संदेशों वाली तख्तियां एवं बैनर लेकर रैली निकाली तथा जल है तो कल है, हर बूंद बचाएं, भविष्य बनाएं, कैच द रेन, वर्षा जल का करें संचयन जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कैच द रेन सेल्फी एवं रील प्रतियोगिता का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। आमजन से अपील की गई कि वे वर्षा जल संरक्षण के अपने प्रयासों को सेल्फी अथवा रचनात्मक रील के माध्यम से साझा कर प्लेटफॉर्म पर प्रतियोगिता में भाग लें तथा दूसरों को भी जल संरक्षण के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के अंत में जनपदवासियों से आह्वान किया गया कि वे जल का अनावश्यक दोहन रोकें, वर्षा जल संचयन को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और हर बूंद बचाएं, भविष्य बनाएं के संकल्प के साथ जल-सुरक्षित एवं सतत विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
जल की हर बूंद का संरक्षण ही सुरक्षित भविष्य की गारंटी
उरई। जनपद में 16 से 22 जुलाई तक आयोजित भू-जल सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में जल गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित कैच द रेन अभियान का उद्देश्य वर्षा की प्रत्येक बूंद को संरक्षित कर भू-जल स्तर को बढ़ाना तथा जल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी लोगों से वर्षा जल संचयन को अपनाने तथा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि ‘‘जहां गिरे, जब गिरे, वर्षा जल को वहीं संचित करें’’ के मूल मंत्र को अपनाकर ही जल संकट का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने बताया कि भू-जल सप्ताह के दौरान जनपद में जागरूकता रैलियां, गोष्ठियां, प्रतियोगिताएं, पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button