जालौन
बिजली चोरी पर प्रवर्तन दल का बड़ा अभियान दो उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मीटर से छेड़छाड़ कर 5 किलोवाट से अधिक भार पर अवैध विद्युत उपयोग पकड़ा गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद में बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विद्युत प्रवर्तन दल द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के उच्च अधिकारियों एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत प्रवर्तन टीम ने उरई शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर मीटर से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए दो उपभोक्ताओं को पकड़ा। दोनों मामलों में साक्ष्य जुटाने के बाद कोतवाली उरई में विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कराई गई है। प्रवर्तन दल के प्रभारी उप निरीक्षक एम. आरिफ के नेतृत्व में अवर अभियंता प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक सुनीता वर्मा, मुख्य आरक्षी गोवर्धन, मुख्य आरक्षी रविकांत तथा आरक्षी अनुराग तिवारी की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान संदिग्ध कनेक्शनों की गहन जांच की। जांच के दौरान टीम को दो स्थानों पर बिजली चोरी के स्पष्ट प्रमाण मिले। पहली कार्रवाई राजेन्द्र नगर उरई निवासी सत्यम चौरसिया के व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर की गई। जांच में पाया गया कि प्रतिष्ठान पर लगे विद्युत मीटर की केबल में अतिरिक्त केबल जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। प्रवर्तन टीम के अनुसार इस माध्यम से करीब 5.702 किलोवाट भार की विद्युत खपत की जा रही थी। मौके पर टीम ने आवश्यक साक्ष्य संकलित कर रिपोर्ट तैयार की। वहीं दूसरी कार्रवाई सपा कार्यालय के पास स्थित बुजकिशोर निगम के आवास पर की गई। यहां जांच के दौरान मीटर से पहले की केबल काटकर उसमें अतिरिक्त तार जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस कनेक्शन से लगभग 6.391 किलोवाट भार का अवैध विद्युत उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर मीटर और केबल की जांच कर सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार किए। दोनों मामलों में प्रवर्तन दल ने मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज कराया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है बल्कि इससे विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित होती है। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी इसी प्रकार की सघन चेकिंग की जाएगी। विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें तथा मीटर अथवा विद्युत लाइनों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी करते पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


