धनबाद
सीआईएसएफ का विशेष वाहन जांच अभियान, 299 वाहनों की जांच।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनबाद। भारत सरकार की “जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी” के प्रभावी क्रियान्वयन और कोयला चोरी, अवैध परिवहन एवं अवैध खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद द्वारा 16 जुलाई को धनबाद कोलांचल के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान एमएमडीआर अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत संचालित किया गया।
अभियान के दौरान प्रमुख चेक पोस्टों, रेलवे साइडिंग, कोयला डंप तथा परिवहन मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की गई। विभिन्न बीसीसीएल क्षेत्रों में कुल 299 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 155 वाहनों के परिवहन दस्तावेजों का परिवहन एप के माध्यम से सत्यापन किया गया।
सीआईएसएफ के अनुसार, जांच में सभी वाहनों के दस्तावेज और परिवहन विवरण निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। अभियान के दौरान किसी भी क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन, संदिग्ध वाहन अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।
इस विशेष अभियान में कंपनी कमांडरों, पोस्ट कमांडरों, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तथा अतिरिक्त बल की तैनाती कर प्रभावी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा तथा “जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी” को प्रभावी बनाने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच एवं निगरानी अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
जनहित में अपील:
सीआईएसएफ ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोयला चोरी, अवैध खनन, अवैध परिवहन अथवा अवैध कोयला भंडारण से संबंधित कोई सूचना हो तो उसे सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद के व्हाट्सएप नंबर 9341528406 पर संदेश के माध्यम से साझा करें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



