गोड्डा
203वें स्थापना दिवस पर पहाड़िया समुदाय का महाजुटान
6 विधानसभा व 1 लोकसभा सीट आरक्षित करने की उठी मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। सुंदरपहाड़ी प्रखंड स्थित फुटबॉल मैदान में आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय द्वारा हिल एसेम्बली का 203वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में गोड्डा सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहाड़िया समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान समुदाय की पारंपरिक संस्कृति, भाषा, वेशभूषा एवं लोक परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली।सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय झारखंड का सबसे प्राचीन निवासी है। समुदाय की भाषा, संस्कृति और परंपरा बेहद समृद्ध एवं प्राचीन होने के बावजूद आज भी उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा समुदाय की उपेक्षा की जा रही है और आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से उन्हें वंचित रहना पड़ रहा है। सम्मेलन के माध्यम से समुदाय के प्रतिनिधियों ने मांग उठाई कि आदिम जनजाति पहाड़िया समाज की जनसंख्या और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए कम से कम छह विधानसभा क्षेत्र तथा एक लोकसभा क्षेत्र को आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के लिए आरक्षित किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में सबसे पुराने निवासी होने के बावजूद इस समुदाय के नाम पर एक भी विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र आरक्षित नहीं है, जो गंभीर चिंता का विषय है।समुदाय के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आने वाले समय में वे अपनी आवाज सड़क से लेकर सदन तक बुलंद करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में हिल एसेम्बली, गोड्डा के महासचिव बैद्यनाथ पहाड़िया तथा हिल एसेम्बली के केंद्रीय अध्यक्ष शिवचरण मालतो सहित कई सामाजिक एवं सामुदायिक नेताओं ने अपने विचार रखे। सम्मेलन में हजारों की संख्या में पहाड़िया समुदाय के लोगों की उपस्थिति रही।



