सोनीपत

अंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में कई राज्यों के विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण

दीपक चौहान अटेरना की पर्यावरण मित्र टोली ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को बनाया जनआंदोलन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सोनीपत। हरियाणा आगमन पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आज डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, सोनीपत में लगभग 100 पौधों का रोपण किया गया।
विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. देवेंद्र ठाकुर तथा प्रो. आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में प्रो. मुकेश एवं अन्य प्राध्यापकों ने विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों के साथ मिलकर अपनी माताओं के नाम पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर दीपक चौहान अटेरना ने कहा कि उनकी स्वच्छता एवं पर्यावरण मित्र टोली ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को सोनीपत में जनआंदोलन का रूप दे दिया है। जिले के स्कूलों, कॉलेजों, मंदिरों, सार्वजनिक पार्कों और अन्य स्थानों पर लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
दीपक चौहान अटेरना ने बताया कि उनकी टीम ने इस वर्ष 100 गांवों में पौधारोपण का संकल्प लिया था। आज यह अभियान और अधिक व्यापक हो गया है, क्योंकि अंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में देश के विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि हमारी टीम केवल पौधे लगाकर ही नहीं रुकती, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 10 और पौधे लगाने के लिए प्रेरित करती है, ताकि पर्यावरण संरक्षण एक जनभागीदारी अभियान बन सके।
उन्होंने कहा कि सोनीपत में तेजी से हो रहे शहरीकरण के कारण पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यदि हमें प्रकृति का संतुलन बनाए रखना है, प्रदूषण को कम करना है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देना है, तो अधिक से अधिक पौधारोपण करना होगा।
इस दौरान पुजारी महासभा के अध्यक्ष देविशंकर मिश्रा ने भी अपनी माता के नाम एक पौधा लगाकर अभियान का समर्थन किया।
इसके बाद टीम ने दहिसरा गांव के सरस्वती स्कूल में भी पौधारोपण अभियान चलाया। यहां बृजमोहन मास्टर  के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अभियान में घनश्याम चौहान, आनंद चौहान, मोहित सूद, बॉबी जोगी, कृष्ण चौहान, अंकुश चौहान सहित पर्यावरण मित्र टोली के सभी साथियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button