गोड्डा

राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय परसपानी में दूसरे दिन भी छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी में छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे छात्रों ने आरोप लगाया कि आंदोलन शुरू हुए दो दिन बीत जाने के बावजूद जिला प्रशासन का कोई भी पदाधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा। छात्रों ने कहा कि उनकी मांगें शिक्षा विभाग, गोड्डा उपायुक्त एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से जुड़ी हैं। हर वर्ष उन्हें केवल आश्वासन दिया जाता है कि कॉलेज की समस्याओं का जल्द समाधान होगा, लेकिन आज तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।छात्रों के अनुसार, पूर्व में यह आश्वासन दिया गया था कि कॉलेज तक जाने वाली सड़क का निर्माण कराया जाएगा, अस्पताल में आईपीडी (इनडोर) सेवा सुचारू रूप से शुरू की जाएगी तथा सभी प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही राज्य के मंत्री द्वारा भी कहा गया था कि “इस कॉलेज की समस्या हमारे घर की समस्या है”, लेकिन छात्रों का आरोप है कि आज तक मंत्री ने न तो कॉलेज का दौरा किया और न ही सड़क निर्माण सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया। छात्रों ने कहा कि वर्तमान में कॉलेज तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब और दयनीय हो चुकी है, जिससे छात्रों, मरीजों एवं कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने पर बैठे छात्रों ने सरकार और सभी जनप्रतिनिधियों से अपील किया कि वे इस महाविद्यालय की समस्याओं को गंभीरता से लें और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button