नशामुक्ति अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित
निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले प्रशस्ति पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा “नशा मुक्त भारत अभियान- विकसित भारत की पहचान” थीम पर 17 जून से 26 जून तक जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध लेखन, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की उपसंचालक श्रीमती रेखा पांचाल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिरवह एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न की छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। छात्राओं ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से नशामुक्त समाज का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग के योजना प्रभारी आदर्श सिंह एवं कार्यालय कर्मचारी शिवम पटेल, सहायक ग्रेड-3 का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इस अवसर पर उपसंचालक श्रीमती रेखा पांचाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर ही विकसित भारत के संकल्प को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।



