गोड्डा
दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को गांधी मैदान में होगी भव्य श्रद्धांजलि सभा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा स्थित अग्रसेन भवन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के गोड्डा प्रखंड कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाने को लेकर तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष युसूफ अंसारी ने की। इस अवसर पर मुख्य रूप से पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेमानंद मंडल उपस्थित रहे।
गांधी मैदान में जुटेगा जनसैलाब
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 4 अगस्त को गोड्डा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर भव्य एवं संवेदनशील श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
झामुमो नेताओं के विचार
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेमानंद मंडल ने कहा कि “स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड आंदोलन के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उन्होंने आदिवासियों, मूलवासियों, किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।” उन्होंने आगे बताया कि गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों को सादर आमंत्रित किया जाएगा।



