गाजियाबाद
ईंट खरीद के नाम पर ₹40 हजार की धोखाधड़ी, आरोपी फरार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना लोनी क्षेत्र के बंथला चौकी अंतर्गत राम विहार कॉलोनी निवासी एक युवक के साथ ईंट खरीद के नाम पर करीब ₹40 हजार की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना लोनी में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
राम विहार कॉलोनी निवासी अमन भटनागर पत्रकार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जुलाई 2026 को दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे और सस्ती दर पर ईंट उपलब्ध कराने का झांसा दिया। आरोप है कि दोनों ने पहले 2,000 ईंटें उपलब्ध कराने की बात कही और अगले दिन ट्रक से ईंटें पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित के अनुसार, 28 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रक संख्या UP17T5048 से छह लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने ईंटों की कीमत के रूप में ₹40 हजार ले लिए, लेकिन ईंटें नहीं उतारीं और ट्रक लेकर फरार हो गए। अगले दिन जब पीड़ित निर्माण स्थल पर पहुंचा तो वहां ईंटें नहीं मिलीं। आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद मिले।
शिकायत में पीड़ित ने बताया कि आरोपियों में से एक ने अपना नाम दीपक तोमर बताया था और वह स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP14HC5861 से आया था। घटना की सूचना तत्काल पीआरवी-112 को भी दी गई।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना लोनी पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


