
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल- तिजारा के किशनगढ़ रोड स्थित माया कॉलोनी में सोमवार को झुग्गी डाल कर रह रहे दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पत्थर चले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शांति भंग के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार दिन मे हुई कहासुनी के बाद सोमवार रात करीब 2:30 बजे दोनों पक्षों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। घटना की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान एक पक्ष के चार लोगों ने जान बचाने के लिए पास के एक मकान में घुसने का प्रयास किया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका पीछा किया और मकान के दरवाजे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे घर में मौजूद परिवार दहशत में आ गया और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव ने बताया “दो पक्षों के झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। झगड़ा करते हुए शांति भंग के आरोप में समीर/मम्मन निवासी धारूहेड़ा,शिवम/प्रवीण फरीदाबाद महिपाल/बाज़ाराम खेतड़ी,रवि/सलीम खेतड़ी गोविंद/शंकर लाल धारूहेडा को गिरफ्तार किया।

