पाकुड़-बरहरवा NH-133A की होगी मरम्मत, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने किया निरीक्षण
Pakur-Barharwa NH-133A to undergo repairs; former Minister Alamgir Alam conducts inspection.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। साहिबगंज और पाकुड़ जिले की लाइफलाइन माने जाने वाले पाकुड़-बरहरवा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-133A) की मरम्मत जल्द कराई जाएगी। इस संबंध में बुधवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने विभागीय अधिकारियों के साथ सड़क का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री ने बताया कि पाकुड़-बरहरवा मुख्य मार्ग कई स्थानों पर जर्जर हो चुका है। सड़क पर जलजमाव की समस्या के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इसकी शीघ्र मरम्मत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि केंचुआ पुल से भीमपाड़ा तथा श्रीकुंड से पलाशबोना तक संकीर्ण सड़क होने के कारण वाहनों के आवागमन में दिक्कत होती है। इस समस्या के समाधान के लिए इन स्थानों पर गार्डवाल (सुरक्षा दीवार) बनाने की पहल की जायेगी। आलमगीर आलम ने कहा कि सड़क की मरम्मत के बाद पलाशबोना, कोटालपोखर, श्रीकुंड और बरहरवा सहित कई क्षेत्रों के लोगों को जर्जर सड़क से राहत मिलेगी। साथ ही गार्डवाल बनने से संकीर्ण मार्गों पर दोनों ओर से वाहनों का आवागमन सुगम होगा और जाम की समस्या भी कम होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यथाशीघ्र विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि इस सड़क का पूर्व में किया गया मेंटेनेंस अनुबंध समाप्त हो चुका है, इसलिए पुराने संवेदक से मरम्मत कार्य नहीं कराया जा सकता। अब नए सिरे से मरम्मत कार्य कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पूर्व मंत्री ने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार राज्य की सभी जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और दुर्गम क्षेत्रों तक सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक जर्जर सड़क पर सरकार की नजर है और सभी आवश्यक सड़कों की मरम्मत कराई जायेगी। निरीक्षण के दौरान एनएच के सहायक अभियंता राकेश भगत, कनीय अभियंता देव सोरेन एवं विक्टर बेसरा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



