सिंगरौली

बारिश में ढेंकी की सड़क बनी तालाब, कीचड़ और गड्ढों से ग्रामीण परेशान

विकास के दावों पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढेंकी में बारिश के बाद सड़क की बदहाल स्थिति ने विकास के दावों की पोल खोल दी है। गांव की मुख्य सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और गड्ढों में पानी भर जाने से यह सड़क तालाब का रूप ले चुकी है। कीचड़ और जलभराव के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की हालत इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन बढ़ जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के साथ-साथ नाली और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल बारिश में यही समस्या सामने आती है। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीण रमेश शुक्ला ने बताया कि ढेंकी गांव के लोगों ने हमेशा विकास की उम्मीद के साथ मतदान किया है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ग्रामीणों ने भाजपा को समर्थन दिया, लेकिन आज भी गांव में सड़क, नाली और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो ग्रामीण आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि गांव की सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए और जल निकासी के लिए स्थायी नाली व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि विकास केवल कागजों और घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button