डीएम- एसएसपी ने उर्स-ए-आला हजरत की तैयारियों का किया निरीक्षण
06 से 08 अगस्त तक होगा 108वां उर्स, सुरक्षा-व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने उर्स-ए-आला हजरत को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड और सीबीगंज स्थित जामियातुर रजा मथुरापुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस्लामिया ग्राउंड में मंच, शौचालय, पेयजल, वॉच टावर, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास गेट और लंगर की व्यवस्था देखी गई। दरगाह पदाधिकारियों ने प्रकाश, सफाई, पेयजल और सीवर की समस्याएं बताईं। जामियातुर रजा में नाले व ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग और शौचालय दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने बताया कि 06 से 08 अगस्त 2026 तक 108वां उर्स मनाया जाएगा। नालों की सफाई, बैरिकेडिंग, रोड मरम्मत और बिजली का कार्य पूरा हो चुका है। पूरे क्षेत्र को जोन, सेक्टर जोन व सेक्टर में बांटकर ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि जायरीनों को कोई असुविधा न हो और कोई नई परंपरा न डाली जाए।
डीएम ने बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक श्रावण मास में 4 सोमवार हैं। साथ ही 04 अगस्त को चेहल्लुम, 11 अगस्त को शिवरात्रि, 17 अगस्त को नागपंचमी और 26 अगस्त को बारावफात भी है। कांवड़ियों के लिए कछला घाट से आने वाले मार्गों पर विश्राम गृह, भोजन, पानी, मोबाइल टॉयलेट और मेडिकल कैम्प की व्यवस्था की गई है। विद्युत पोलों पर प्लास्टिक शीट और ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग भी कराई गई है।
एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी और एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में दोनों समुदाय एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा करेंगे। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी हेलीकॉप्टर से नाथ मंदिरों और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की जाएगी।
निरीक्षण में बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान, नगर मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



