कानपुर
गैंजेस क्लब में ‘राखी बाजार’ का भव्य शुभारंभ हुआ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : आर्य नगर में ऊर्जा द इम्पावरिंग वूमेन’ के तत्वावधान में गैंजेस क्लब में आयोजित ‘राखी बाजार’ का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर,लोक लेखा समिति के पूर्व अध्यक्ष अनुज अजय कपूर एवं वरिष्ठ समाजसेविका रमन कपूर ने सनातन परंपरा के अनुसार प्रथम पूज्य भगवान गणपति का पूजन एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम की आयोजिका मुदिता अग्रवाल एवं निर्मल गोयल द्वारा मुख्य अतिथियों का पर्यावरण संरक्षण के प्रतीकस्वरूप पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विजय कपूर,अजय कपूर एवं रमन कपूर ने राखी बाजार में महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया,उनके उत्पादों की जानकारी ली तथा उत्पादों को खरीदकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। ‘ऊर्जा द इम्पावरिंग वूमेन’ द्वारा महिला सशक्तिकरण,स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है। इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने हुनर, नवाचार और उत्पादों को व्यापक मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं उद्यमशीलता की भावना को भी मजबूती मिलती है। समाज में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ‘ऊर्जा’ का यह सराहनीय प्रयास निश्चित रूप से अनेक महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय में परिवर्तित करने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देगा। मुख्य अतिथि विजय कपूर ने आयोजकों एवं सभी प्रतिभागी महिला उद्यमियों को सफल एवं सार्थक आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिला प्रतिभा, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई पहचान देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम भी बनते हैं। इसी दौरान व्हाईट हाउस कैफे एंड रेस्टोरेंट के द्वारा स्वादिष्ट व्यंजनो का स्टाॅल लगाया गया जहां आए हुए सभी लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का लुफ्त उठाया।



