सिंगरौली

कार में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

मोरवा पुलिस जांच में जुटी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-9 स्थित अय्यप्पा मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खड़ी कार के अंदर एक युवक का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अय्यप्पा मंदिर के पास खड़ी मारुति एक्सप्रेसो कार क्रमांक UP 64 AU 8969 में 29 वर्षीय युवक अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद युवक को तत्काल एनसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सत्य प्रकाश गुप्ता उर्फ लड्डू निवासी आदर्श गंगा वार्ड क्रमांक-9 मोरवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 10:45 बजे युवक की परिजनों से मोबाइल पर अंतिम बातचीत हुई थी। उसने कुछ देर बाद घर आने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह कार में उसके मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने कार और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, मामले में एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button