गोड्डा

राष्ट्रीय एकता पर्व के तहत कला उत्सव एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में क्लस्टर स्तरीय राष्ट्रीय एकता पर्व-2026 के अंतर्गत कला उत्सव एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लस्टर के सात केंद्रीय विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, विविधता में एकता, राष्ट्रीय एकीकरण, सामाजिक समरसता तथा सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोड्डा के अलावा केंद्रीय विद्यालय जामताड़ा, मधुपुर, सिंघारसी, गिरिडीह, दुमका एवं साहिबगंज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, हस्तकला एवं प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति, सांस्कृतिक विविधता एवं राष्ट्रीय एकता का वातावरण देखने को मिला। राष्ट्रीय एकता पर्व के अंतर्गत आयोजित कला उत्सव में ग्रुप सॉन्ग, सोलो सॉन्ग, ग्रुप डांस, सोलो डांस, नाटक, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी, गायन, नृत्य, आर्ट, पेंटिंग एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के विभिन्न राज्यों की भाषाओं, संस्कृतियों, लोक परंपराओं, वेशभूषा, खान-पान एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारा एवं सांस्कृतिक समरसता की भावना को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोड्डा के प्राचार्य रजनीश कमल व अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। एसडीओ वैद्यनाथ उरांव ने कहा कि राष्ट्रीय एकता पर्व भारत की सांस्कृतिक विविधता को एक सूत्र में पिरोने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि कला उत्सव विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्ति देने का सशक्त मंच है, जबकि एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम उन्हें देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, भाषा एवं परंपराओं को समझने तथा उनका सम्मान करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल देता है। राष्ट्रीय एकता पर्व के अंतर्गत आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, मौलिकता, प्रस्तुति, अभिव्यक्ति, मंच संचालन तथा विषय की समझ के आधार पर अंक प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में भारतीय संस्कृति, अनुशासन, उत्साह एवं राष्ट्रीय एकता की अनुपम झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि “विविधता में एकता” भारत की सबसे बड़ी शक्ति है तथा ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है‌।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button