गोड्डा

पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी हुए सेवानिवृत्त

अच्छा पुलिसकर्मी बनने से पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी : एसपी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा। पथरगामा थाना परिसर में शुक्रवार देर संध्या पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि अच्छा पुलिसकर्मी बनने से पहले अच्छा इंसान होना जरूरी है, तभी न्याय के साथ निष्पक्ष कार्य किया जा सकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से श्री चौधरी के अनुभवों से सीख लेने और उनके कार्यों को आदर्श मानने की अपील की। विदाई समारोह उस समय भावुक हो गया, जब अपने संबोधन के दौरान पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी ने सेवा काल के अनुभव साझा करते हुए सभी से क्षमा याचना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा का मूल उद्देश्य न्याय दिलाना है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि किसी निर्दोष को कभी सजा न मिले।
श्री चौधरी ने बताया कि उन्होंने 5 सितंबर 1994 को पुलिस सेवा में योगदान दिया था और लगभग 32 वर्षों तक पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में एक दिन भी आकस्मिक अवकाश (सीएल) नहीं लिया, जो उनकी कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है। उनकी अंतिम पदस्थापना पथरगामा में रही, जहां उन्होंने लगभग ढाई वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं और 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए।
थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने कहा कि श्री चौधरी ने हमेशा एक अभिभावक की तरह मार्गदर्शन किया और उनसे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। समारोह में उन्हें अंगवस्त्र, बुके एवं माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में मुख्यालय एसडीपीओ जेपीएन चौधरी, गोड्डा एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, महागामा एसडीपीओ वरुण कुमार रजक, बीडीओ नितेश कुमार गौतम, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान, डीएवी निदेशक संतोष कुमार महतो सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button