विधायक बसंत सोरेन ने जनता दरबार सह जनसंवाद कार्यक्रम में सुनीं आमजनों की समस्याएं
MLA Basant Soren listened to the grievances of the general public at the 'Janata Darbar' (public grievance redressal) and public dialogue event.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका सदर प्रखंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक बसंत सोरेन एवं उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने संथाल परगना महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित ‘झारफल’ कटहल प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के जिला कार्यक्रम प्रबंधक निशांत ए.पी. एक्का सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। उद्घाटन के अवसर पर विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि जिला प्रशासन और JSLPS के संयुक्त प्रयास से स्थापित यह प्रोसेसिंग यूनिट विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) परिवारों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर सम्मानजनक एवं स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस इकाई के माध्यम से PVTG समुदाय की महिलाओं को कटहल प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग और विपणन का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कटहल का प्रसंस्करण कर ‘झारफल’ ब्रांड के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान JSLPS की सामुदायिक निवेश निधि (CIF) ऋण योजना के तहत पांच सखी मंडल की महिलाओं को टोटो (ई-रिक्शा) की चाबियां भी सौंपी गईं। इससे महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगी।
जनता दरबार में सुनीं समस्याएं कटहल प्रोसेसिंग यूनिट के उद्घाटन के बाद विधायक बसंत सोरेन ने जनता दरबार सह जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार में कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। वही उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।


