
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। आगामी निर्वाचन को लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद मंगलवार को महागामा में एईआरओ (AERO) एवं ईआरओ (ERO) की ओर से सभी बीएलओ (BLO) और बीएलओ सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की आगे की पूरी प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया तथा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र भारतीय मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।बैठक में प्रारूप प्रकाशन के बाद होने वाले सभी चरणों—दावा एवं आपत्ति प्राप्त करना, नोटिस जारी करना, घर-घर सत्यापन, आपत्तियों का निस्तारण तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन—पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। बैठक में सबसे अधिक जोर 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिकों के शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण पर दिया गया। इसके लिए बीएलओ को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र युवाओं से फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणा-पत्र भरवाएं, ताकि कोई भी नया मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसके साथ ही एक ही परिवार के सभी मतदाताओं का नाम उनके घर के निकट स्थित मतदान केंद्र पर दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग करने, आवश्यक संशोधन कराने तथा जरूरत के अनुसार फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 का सही ढंग से उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया गया। सत्यापन एवं नोटिस की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 5 अगस्त 2026 को NewVoter अभियान के तहत सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा, ताकि नए मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा सके। अधिकारियों ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों से कहा कि वे गणना प्रपत्रों और अभिलेखों की बारीकी से जांच करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी संबंधित कर्मियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सभी BLO सुपरवाइजर तथा महागामा प्रखंड के सभी BLO उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाएगी और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।


