गाजियाबाद
गोकशी प्रकरण में विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने डीएम को लिखा पत्र
रासुका और संपत्ति कुर्की की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने गाजियाबाद के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर हाल ही में सामने आए गोकशी प्रकरण में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने, उनकी अवैध संपत्तियों को कुर्क करने तथा बुलडोजर कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रति पुलिस आयुक्त गाजियाबाद को भी भेजी गई है
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि पवित्र श्रावण माह के प्रथम दिन लोनी क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से गोकशी की घटना को अंजाम दिया गया, जिससे हिंदू समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने लिखा कि मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी पर दिल्ली-एनसीआर में गो-तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप हैं तथा गोकशी से अर्जित धन से अवैध संपत्तियां बनाने की भी बातें सामने आ रही हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी के संबंध में दिल्ली के दंगों में शामिल होने जैसी चर्चाएं भी हैं। विधायक ने प्रशासन से इन सभी पहलुओं की गहन जांच कराने की मांग की है।
नंदकिशोर गुर्जर ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध रासुका के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही गोकशी से अर्जित बताई जा रही संपत्तियों को कुर्क कर आवश्यकतानुसार बुलडोजर कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में कठोर और प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।


