
आवेदक ने जनसुनवाई में शिकायत कर आरोपियों पर अपराध दर्ज करने, अवैध नामांतरण की जांच और भूमि में हस्तक्षेप रोकने की मांग की
मुलताई जनसुनवाई में कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा मामला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। प्रभात पट्टन तहसील के मासोद निवासी दीपक बामने ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी माता फुलवा पति कुन्जीलाल की मौजा राजनी स्थित पैतृक भूमि के मूल खसरा नंबर 150, रकबा 0.809 हेक्टेयर में कथित रूप से फर्जी तरीके से नामांतरण कराकर उनकी माता का नाम राजस्व रिकॉर्ड से हटाया गया और उनके हिस्से की भूमि छलपूर्वक रजिस्ट्री कर बेच दी गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कौशल्या, रामू, ओमप्रकाश, रमेश गव्हाडे, अजय वर्मा तथा ऋषीकेश ने आपसी सांठगांठ से फौती नामांतरण के दौरान उनकी माता का नाम दर्ज नहीं होने दिया और बाद में कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर विक्रय पत्र निष्पादित कर भूमि पर कब्जा कर लिया। आवेदक का कहना है कि उनकी माता की जानकारी के बिना यह पूरी प्रक्रिया की गई।
दीपक बामने ने बताया कि उनकी माता पहले भी जनसुनवाई, जनपद पंचायत मुलताई में शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर से अवैध नामांतरण और विक्रय पत्र की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी माता की भूमि में किए जा रहे हस्तक्षेप को तत्काल रोकने की मांग की है।



