जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पूर्ति विभाग के अन्तर्गत जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक का किया गया आयोजन।
अन्नपूर्णा भवनों की गुणवत्ता जांच एवं लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के दिए निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सम्भल।(बहजोई) जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने एजेंडा बिंदुओं की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उचित दर की दुकानों के लिए खाद्यान्न उठान एवं वितरण की समीक्षा की । जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि खाद्यान्न परिवहन ठेकेदारों को खाद्यान्न डिस्पैच होने के 24 घण्टे के अन्दर उचित दर विक्रेता को प्राप्त कराते हुये, उचित दर विक्रेता द्वारा ई-पॉस के माध्यम से खाद्यान्न रिसीव किया जाता है तथा विशेष परिस्थितियों में अधिकतम 48 घंटे के भीतर खाद्यान्न रिसीविंग सुनिश्चित किया जाता है।जिलाधिकारी ने ऐसे क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की, जहां बड़े वाहनों का पहुंचना संभव नहीं है तथा वहाँ छोटे वाहनों के माध्यम से समयबद्ध ढंग से खाद्यान्न की उपलब्धता के विषय जानकारी प्राप्त की जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया जिन संकरी गलियों में खाद्यान्न पहुंचना सम्भव नहीं है वहां छोटे वाहन लगाने का प्रावधान है साथ ही, परिवहन ठेकेदारों के रूट चार्ट की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो संबंधित परिवहन ठेकेदार निर्धारित समयावधि में राशन दुकानों तक खाद्यान्न नहीं पहुंचा रहे हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अंतिम चेतावनी दी जाए। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न हो तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।बैठक में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पूर्ण हो चुके अन्नपूर्णा भवनों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही मनरेगा के अंतर्गत निर्मित अन्नपूर्णा भवनों तथा वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत होकर भी प्रारंभ न होने वाले कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि मनरेगा के अंतर्गत संचालित कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में उचित दर की दुकानों के प्रस्तावों,निलंबित राशन दुकानों तथा खाद्यान्न वितरण व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग, समस्त पूर्ति निरीक्षक तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



