रामगढ़

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर सीएम हेमंत सोरेन ने किया आदमकद प्रतिमा का अनावरण, 105.2 करोड़ की योजनाओं की सौगात

CM Hemant Soren unveils a life-size statue of 'Dishom Guru' Shibu Soren on his first death anniversary and gifts projects worth ₹105.2 crore.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रामगढ़। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित सोना-सोबरन प्लस टू उच्च विद्यालय, लुकैयाटांड़ परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन, माता रूपी सोरेन सहित परिवार के सदस्यों ने भी गुरुजी को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को 105.2 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण, सामाजिक न्याय और गरीबों, आदिवासियों एवं वंचितों के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुजी की प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संघर्ष और महान विभूतियों के योगदान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों की धरती है, जहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, निर्मल महतो सहित कई महापुरुषों ने समाज और राज्य के लिए अपना योगदान दिया। उन्होंने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक मजबूती के लिए आपसी सम्मान, भाईचारा और एकता जरूरी है। युवाओं को सही दिशा देने की जिम्मेदारी सभी की है, ताकि वे राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संघर्ष केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने पूरे झारखंड को नई पहचान दिलाई। उनके सपनों के अनुरूप राज्य को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और समृद्ध झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button