
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जयपुर। राजधानी के शहीद स्मारक पर आज तृतीय श्रेणी शिक्षकों का जबरदस्त धरना प्रदर्शन देखने को मिला। तृतीय श्रेणी शिक्षक संघर्ष समिति के बैनर तले हजारों शिक्षकों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपनी वर्षों पुरानी मांग को लेकर हुंकार भरी।
राजस्थान शिक्षक संघ (आजाद) के प्रदेशाध्यक्ष अरविन्द जाखड़ ने कहा, “प्रदेश का तृतीय श्रेणी शिक्षक आज अपने गृह जिले से सैकड़ों किलोमीटर दूर रहकर अपने परिवार से दूर नौकरी करने को मजबूर है। शिक्षकों की स्थानांतरण की वाजिब मांग को सरकार अनसुना कर रही है, जो अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को तुरंत प्रभाव से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले खोलने चाहिए।”
उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान चाहता है, अपना अधिकार चाहता है। जब शिक्षक ही मानसिक रूप से परेशान रहेगा तो वह बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे दे पाएगा? सरकार को इस मानवीय पक्ष को समझना होगा।
धरने में प्रदेश भर से आए शिक्षकों ने कहा कि कई शिक्षक 5 से 10 साल से अपने गृह जिलों से बाहर हैं। कई महिला शिक्षिकाएं भी इस समस्या से जूझ रही हैं। अगर सरकार ने जल्द मांग नहीं मानी तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने हाथों में तख्तियां लेकर “हमें हमारा हक दो, ट्रांसफर नीति लागू करो” के नारे लगाए। शहीद स्मारक पर भारी पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा।
श्री जाखड़ ने कहा कि राजस्थान शिक्षक संघ (आजाद) शिक्षकों के हक की इस लड़ाई को अंतिम परिणाम तक लड़ेगा ये हमारा वादा और संकल्प है




