मथुरा
वृंदावन में श्रद्धालुओं को गुमराह करने वाले 25 लोगों का शांतिभंग में चालान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में श्रद्धालुओं को होटल और गेस्ट हाउस में रूम दिलाने के नाम पर गुमराह करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की टीम ऐसे युवकों की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। मंगलवार को पुलिस ने ऐसे 25 युवकों का शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस के अनुसार, श्रीबांकेबिहारी मंदिर, परिक्रमा मार्ग, विद्यापीठ चौराहा, चैतन्य विहार रमणरेती और अन्य प्रमुख स्थानों पर कुछ लोग होटल और गेस्ट हाउसों के लिए ग्राहक तलाशते हुए श्रद्धालुओं को बीच सड़क पर रोक लेते हैं। कई बार ग्राहकों को लेकर इनके बीच कहासुनी और मारपीट तक की नौबत आ जाती है। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है और शहर की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियां किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। अभियान के दौरान पुलिस लगातार निगरानी करेगी। सड़क पर रूम दिलाने के नाम पर श्रद्धालुओं को रोकने, जबरन होटल ले जाने की कोशिश करने या विवाद पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



