गोड्डा
ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बसंतराय। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के प्रभावी निर्माण एवं क्रियान्वयन के उद्देश्य से गोड्डा जिला अंतर्गत बसंतराय प्रखंड में ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के लिए दो-दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को सहभागी एवं योजनाबद्ध विकास की दिशा में सशक्त बनाना तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने हेतु क्षमता विकास करना है।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) की अवधारणा, ग्राम सभा की भूमिका, सहभागी योजना निर्माण, पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग, विभिन्न विभागों के अभिसरण (Convergence) तथा जनसहभागिता के माध्यम से विकास योजनाओं के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समन्वय के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण का संचालन एवं तकनीकी सत्र जिला समन्वयक, जल जीवन मिशन (JJM), गोड्डा शत्रुघ्न प्रसाद, प्रखंड समन्वयक बसंतराय आशीष रंजन तथा प्रधान संस्था के राजेश कुमार यादव द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की चरणबद्ध प्रक्रिया, विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, पेयजल प्रबंधन तथा सतत ग्रामीण विकास के विविध आयामों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा पंचायत स्तर पर प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण विकास योजना तैयार करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) एक सहभागी एवं जनकेंद्रित प्रक्रिया है, जिसमें ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का चयन किया जाता है। इससे पंचायतों में समावेशी, पारदर्शी एवं सतत विकास को बढ़ावा मिलता है तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की व्यावहारिक प्रक्रिया, समूह कार्य, कार्ययोजना निर्माण तथा पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित अभ्यास कराया जाएगा, ताकि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं सहभागी ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार कर सकें। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिव, मुखिया, वार्ड सदस्य, जलसहिया, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की दीदियाँ तथा ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



