
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ने के उद्देश्य से महागामा नगर पालिका परिसर में प्रखंड स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की थीम “आपकी समस्या–हमारा समाधान” रखी गई है, जिसके तहत जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी स्वयं लोगों की शिकायतें सुनेंगे और संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देंगे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोड्डा के उपायुक्त लोकेश मिश्रा होंगे। उनके साथ जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जनसंवाद के दौरान पेयजल, बिजली, सड़क, राशन, पेंशन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर लोगों की शिकायतें और सुझाव लिए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे वर्षों से लंबित कई समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो सकेगी अधिकारियों को भी मौके पर ही शिकायतों के निष्पादन और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।प्रशासन ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यक्रम में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं। बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। यह जनसंवाद कार्यक्रम सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके माध्यम से प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम से क्षेत्र की कई लंबित समस्याओं का समाधान निकल सकेगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। मौके पर गोड्डा उपयुक्त लोकेश मिश्रा, गोड्डा पुलिस कप्तान मुकेश कुमार महागामा अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, महागामा प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा, महागामा सीओ खगेन महतो, महागामा नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल, महागामा अनुमंडल एवं प्रखंड नगर पंचायत सभी प्रतिनिधि उपस्थित थे।




