सिंगरौली

जर्जर स्कूल भवन को लेकर नगर निगम सभापति ने एनसीएल सीएमडी को लिखा पत्र

CSR मद से आधुनिक विद्यालय भवन निर्माण की मांग, 250 से 300 बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक-24 की सभापति एवं पार्षद शिवकुमारी कुशवाहा ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के सीएमडी को पत्र लिखकर ग्राम नवानगर स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के लिए सीएसआर (CSR) मद से नए भवन निर्माण की मांग की है। उन्होंने जर्जर भवन के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने का मुद्दा उठाया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय का वर्तमान भवन काफी पुराना और जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। इस विद्यालय में कक्षा 1 से 7 तक लगभग 250 से 300 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें बड़ी संख्या अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों की है। भवन की खराब स्थिति के कारण कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सभापति ने बताया कि विद्यालय में पर्याप्त कक्षों की कमी के चलते बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने एनसीएल प्रबंधन से आग्रह किया है कि क्षेत्र के बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए सीएसआर मद से आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाए।
प्रस्तावित विद्यालय भवन में पर्याप्त कक्षाएं, विद्यार्थियों के लिए डेस्क-बेंच, डिजिटल क्लास रूम, पुस्तकालय, मिड-डे मील के लिए किचन शेड, स्वच्छ शौचालय एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
पत्र में कहा गया है कि एनसीएल द्वारा यदि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाता है तो क्षेत्र के गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा। सभापति ने एनसीएल सीएमडी से इस महत्वपूर्ण जनहित कार्य को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button