मथुरा
वृंदावन में संत प्रेमानंंद महाराज के दर्शन के नाम पर फंसा रहे सेवक वेश में घूम रहे ठग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के अनुयायियों की बढ़ती संख्या का फायदा उठाकर मथुरा और वृंदावन में ठगों का गिरोह सक्रिय हो गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले भोले-भाले अनुयायियों को संत से मुलाकात कराने, टोकन दिलाने, होटल में कमरा देने और आश्रम तक पहुंचाने का झांसा देकर उनसे हजारों रुपये ऐंठे जा रहे हैं। ठगी के ऐसे मामले सामने आने के बाद श्रीराधे हित केलिकुंज आश्रम प्रबंधन आश्रम प्रबंधन ने सतर्क रहने की अपील जारी की है। वहीं, पुलिस ने भी ठगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। ठगी का यह खेल मथुरा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गोवर्धन चौराहा और छटीकरा से शुरू होता है। दलाल खुद को आश्रम का सेवक या गाइड बताकर अनुयायियों को अपने जाल में फंसाते हैं। उधर, गोवर्धन चौराहे पर पुल के नीचे खड़े लोग बाहरी लोगों को चिह्नित कर छटीकरा चौराहे पर मौजूद अपने साथियों को सूचना देते हैं। छटीकरा पर रूम-रूम चिल्लाने वाले युवक संत से मिलवाने का झांसा देकर लोगों से पहले होटल में कमरा दिलाने के बहाने बातें करते हैं। इसके बाद वह संत प्रेमानंद से मिलवाने की बात कहकर उन्हें अपने जाल में फंसा लेते हैं। इसके अलावा आश्रम के आसपास स्थित एक चाय व पान की दुकानों पर भी युवक भी संत प्रेमानंद से मिलवाने का झांसा देते हैं।



