सिंगरौली
देवरा गौशाला में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा पर्व
राज्य मंत्री राधा सिंह ने किया गो-माता का पूजन

गो-सेवा एवं गोवंश संरक्षण को बताया सामाजिक दायित्व, जनप्रतिनिधियों ने गौशाला की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली l नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 29 देवरा स्थित गौ सेवा संस्थान गोशाला परिसर में सोमवार को गोवर्धन पूजा पर्व श्रद्धा, उल्लास एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की राज्य मंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विधि-विधान से गो-माता का पूजन कर गो-सेवा एवं गोवंश संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम,महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल साह एवं अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजन एवं गो-माता का पारंपरिक श्रृंगार किया गया। राज्य मंत्री राधा सिंह सहित अतिथियों ने गो-माता को तिलक लगाकर गुड़ एवं हरा चारा खिलाया तथा आरती कर सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। अपने संबोधन में राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और गो-सेवा की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गो-सेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।विधायक रामनिवास शाह ने गो-सेवा को पुण्य कार्य के साथ सामाजिक दायित्व बताते हुए गोवंश संरक्षण में सभी से योगदान देने का आह्वान किया।
वहीं देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने गोशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान अतिथियों ने गोशाला परिसर का भ्रमण कर गोवंश के रखरखाव, चारा, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोशाला प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए गो-सेवा एवं संरक्षण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम में पार्षद,समाजसेवी सहित बड़ी संख्या में आमजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



