पाकुड़

रेलवे का कॉपर अर्थ वायर चोरी करने के आरोप में दो गिरफ्तार, एक फरार

Two arrested for stealing railway copper earth wire; one remains at large

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। रेलवे के सिग्नल विभाग का कॉपर अर्थ वायर चोरी करने के आरोप में आरपीएफ ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर निवासी समीम अख्तर (24) और चाचकी निवासी रॉनी शेख (30) के रूप में हुई है। वही मामले में शामिल तीसरा आरोपी अमीर शेख फरार बताया गया है। आरपीएफ के अनुसार, 8 नवंबर को पाकुड़ रेलवे यार्ड के वेस्ट हट के पास ओएचई किलोमीटर संख्या 153/22.20 पर सिग्नल सिस्टम के एमएसडीएसी ट्रैक में खराबी की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पाया गया कि अज्ञात लोगों ने सिग्नल विभाग के केबल काटकर क्षतिग्रस्त कर दिए तथा डीपी बॉक्स से जुड़े दोनों कॉपर अर्थ वायर चोरी कर लिए थे। इससे रेलवे का सिग्नल सिस्टम करीब सात घंटे तक प्रभावित रहा। विभाग ने शाम 5:10 बजे अस्थायी मरम्मत कर व्यवस्था बहाल की। चोरी एवं क्षति का अनुमानित मूल्य 24 हजार रुपये बताया गया है। घटना के बाद आरपीएफ ने जांच और छापेमारी तेज कर दी। 9 नवंबर की सुबह करीब चार बजे रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन युवकों को पकड़ने का प्रयास किया गया, जिसमें दो आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि एक फरार हो गया। आरपीएफ के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर कॉपर वायर चोरी करने और उसे एक अज्ञात कबाड़ी को 3,500 रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपी कथित तौर पर दोबारा चोरी की योजना बनाकर रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे थे। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट पाकुड़ में कांड संख्या 13/2026 के तहत रेलवे सम्पत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3(ए) तथा रेलवे अधिनियम की धारा 174(सी) एवं 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button