बरेली
कमिश्नर ने जांचे नाथ कॉरिडोर के काम, नवंबर तक पूरा करने का अल्टीमेटम
अलखनाथ और त्रिवटीनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक

उर्स और कांवड़ की सुरक्षा व्यवस्था पर भी दिए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नवागत मंडलायुक्त शंभू कुमार ने शुक्रवार को मैदान में उतरकर नाथ कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की प्रगति जांची। उन्होंने अलखनाथ और त्रिवटीनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया।
मंडलायुक्त ने अलखनाथ में बन रहे विश्रामगृह का निरीक्षण कर ठेकेदार को काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक से कहा कि जो भी कार्य निर्माणाधीन हैं, उन्हें नवंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। मंदिरों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने को कहा।
पर्यटन अधिकारी को निर्माण कार्यों का लगातार निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंडलायुक्त ने उर्स-ए-रजवी और कांवड़ यात्रा को लेकर भी अधिकारियों से ताजा जानकारी ली। धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर रखने के आदेश दिए। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द कराने को भी कहा।
मंडलायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा होगी। जनसुनवाई सिर्फ शिकायत सुनने तक सीमित नहीं रहेगी, समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने सरकारी योजनाओं के प्रचार में प्रेस की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस मौके पर बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।

