रांची

अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने लिया तैयारियों का जायजा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

Additional Chief Secretary Vandana Dadel reviewed the preparations and issued necessary directives regarding security, traffic, parking, and basic amenities.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

रांची। झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत को समर्पित दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 का भव्य आगाज शनिवार से राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा। महोत्सव के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग वंदना दादेल ने शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान स्थित आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं और निर्माण एवं अन्य व्यवस्थाओं में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि महोत्सव के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
श्रीमती दादेल ने वीवीआईपी आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त और सुचारू रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए।
उन्होंने मुख्य मंच, विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टॉल, पार्किंग क्षेत्र सहित आयोजन स्थल की अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित विभागों को आयोजन शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
आदिवासी संस्कृति को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान देने का अवसर
अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने कहा कि झारखंड आदिवासी महोत्सव राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, परंपरा और विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश, दिया। उन्होंने आयोजन के दौरान आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया. निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजीव लोचन बक्शी, संयुक्त निदेशक आनंद, निदेशक टीआरआई आलोक एस. कच्छप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और एजेंसी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button