गोड्डा

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोड्डा के शुभदा विवाह भवन में झारखंड आदिवासी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन डीसी, एसपी व अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान डीपीआरओ फैजान सरवर ने सभी अतिथियों का पौधा व शॉल देकर सम्मानित किया। इस दौरान आदिवासी समुदाय के आधे दर्जन से अधिक लोगों को वन पट्टा व वाद्य यंत्र वितरित किया। इस दौरान आदिवासी समुदाय के बच्चों ने मनमोहक कार्यक्रम की प्रस्तुत किया। डीसी लोकेश मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और प्रकृति के साथ उनके जुड़ाव को सराहा. उन्होंने कहा कि झारखंड के जनजातीय समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर अपनी संस्कृति को सहेजने में आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन का प्रयास है कि आदिवासी और विशेष रूप से आदिम जनजातियों की संस्कृति को संरक्षित रखते हुए उन्हें आधुनिकता, शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी कला, संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को सराहा गया और उन्हें मंच से शुभकामनाएं दी गई। उन्होंने जिलावासियों से आदिवासी समाज के जीवन दर्शन और प्रकृति संरक्षण के सिद्धांतों को अपनाने की अपील की तथा जिले के सभी आदिवासी परिवारों के उत्थान और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं, एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, कला, जीवन दर्शन और प्रकृति के प्रति उनका प्रेम अनुकरणीय है। यह महोत्सव हमारी इस समृद्ध विरासत को सम्मानित करने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम के शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण आयोजन की सराहना की और जिले में शांति, सौहार्द व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता और स्थानीय नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन सदैव आम नागरिकों और विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदायों की सुरक्षा, सहायता और न्याय के लिए पूरी तत्परता के साथ कटिबद्ध है। दूसरी ओर विश्व आदिवासी दिवस पर डीसी एसपी एसडीओ सहित सभी पदाधिकारी की ओर से कारगिल चौक स्थित सिदो कान्हो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button