गोड्डा

पोड़ैयाहाट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस

विधायक प्रदीप यादव बोले - आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान, संरक्षण जरूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पोड़ैयाहाट। पोड़ैयाहाट प्रखंड परिसर में विश्व आदिवासी दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस मौके पर आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और उनके अधिकारों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रदीप यादव, जेएमएम जिलाध्यक्ष प्रेम नंदन मंडल, बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश हांसदा सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के बाद विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का सबसे बड़ा संरक्षक है। जल, जंगल, जमीन ही इनकी पहचान है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन को गंभीरता से काम करना होगा। विधायक ने आदिवासी छात्रों की शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष बल देने की बात कही। जेएमएम जिलाध्यक्ष प्रेमनंदन कुमार ने कहा कि आदिवासी दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह आत्मसम्मान और अस्मिता को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों पर होने वाले उत्पीड़न और शोषण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाज को एकजुट होकर अपने हक के लिए आवाज उठानी होगी।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक संथाली नृत्य और ढोल-मांदल की थाप के साथ हुई। आदिवासी युवक-युवतियों ने रंग-बिरंगे परिधान में लोक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने कहा कि प्रखंड प्रशासन आदिवासी समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा चलाई जा रही आवास, पेंशन और शिक्षा योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश हांसदा ने कहा कि आज युवा पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर रहना होगा। तभी हम अपनी पहचान बचा पाएंगे। इस अवसर पर अवधकिशोर हांसदा, पुष्पेंद्र टुडू, जेम्स, अनिल मरांडी सहित कई समाजसेवी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे। वक्ताओं ने आदिवासी समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जागरूक किया। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों और उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button