गोड्डा

हाईवे पर लूट की फिराक में निकले तीन आरोपी गिरफ्तार

दो देशी कट्टा बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। पथरगामा थाना पुलिस ने हाईवे पर वाहनों को रोककर लूटपाट करने की कथित योजना के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो देशी कट्टे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि तेलनी मोड़ हाईवे के पास मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं और उनके पास हथियार होने की आशंका है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम भोला सिंह उर्फ प्रेमशंकर सिंह बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान भोला सिंह ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ हाईवे पर छोटी-बड़ी गाड़ियों को रोककर लूटपाट करता था। दुर्घटना के बाद उसके दोनों साथी उसे घायल अवस्था में छोड़कर भाग गए थे। घायल को इलाज के लिए पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज करा रहे दो अन्य संदिग्धों की पहचान भोला सिंह ने अपने साथियों के रूप में की। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए दो देशी कट्टे बरामद किए। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला सिंह उर्फ प्रेमशंकर सिंह (35), पप्पु पंडित उर्फ हेमन्त पंडित (42) और रितेश कुमार (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH-17V-9287 भी जब्त की है। इस संबंध में पथरगामा थाना कांड संख्या 90/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। छापामारी दल में थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साहा, पु०अ०नि० रवि किस्कु, स०अ०नि० नारद कुमार, गौरव कुमार, ज्योति कुमार तिवारी, अनिल कुमार सहित थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button