सिंगरौली

14 अगस्त को आयोजित होगी भव्य तिरंगा रैली

नगर निगम अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। आजादी के अमृत महोत्सव एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा रैली की तैयारियों को लेकर नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रैली को व्यवस्थित, भव्य एवं गरिमामय स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर निगम अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने रैली के निर्धारित मार्ग, सहभागिता, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। रैली में अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने रैली मार्ग एवं आयोजन स्थल पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था रखने, आवश्यक स्थानों पर पेयजल उपलब्ध कराने तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही रैली के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनसम्पर्क विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तिरंगा रैली 14 अगस्त को प्रातः 9 बजे राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम बैढ़न से प्रारंभ होगी। रैली मस्जिद तिराहा, अम्बेडकर चौक एवं तुलसी मार्ग होते हुए थाना रोड पहुंचेगी। इसके बाद रैली का समापन पुनः राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम बैढ़न में होगा। नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा रैली में सहभागिता कर राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दें तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-अभियान बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button