
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। बरसाना में झूलन चलो हिंडोला ब्रज लाडली को… श्याम प्यारे संग झूला झूल रही राधा प्यारी… हरियाली तीज पर बरसाना के राधारानी मंदिर में कुछ ऐसा ही भक्तिमय नजारा देखने को मिला। हरी पोशाक में स्वर्ण हिंडोले पर विराजमान राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी के दर्शन को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लाडली जी की एक झलक पाने के लिए भक्त लालायित नजर आए और मंदिर परिसर राधे-राधे के जयकारों से गूंजता रहा। हरियाली तीज पर ब्रह्मांचल पर्वत पर छाई हरियाली के बीच लाडली जी मंदिर का नजारा देखते ही बन रहा था। सुबह से ही देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु बरसाना पहुंचने लगे। सुहाने मौसम के बीच भक्तों ने गहवरवन की परिक्रमा लगाई और लाडली जी के दर्शनों के लिए मंदिर पहुंचे। सुबह करीब आठ बजे मंदिर सेवायतों ने राधा-कृष्ण के श्रीविग्रह को गर्भगृह से बाहर जगमोहन में स्थित सोने-चांदी से जड़ित प्राचीन स्वर्ण हिंडोले में विराजमान कराया। हरी पोशाक और मनमोहक श्रृंगार में सजे प्रिया-प्रियतम की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दर्शन के लिए मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई राधारानी की इस मनोहारी छवि को अपनी आंखों में बसाने के लिए बेताब नजर आया।



