सिंगरौली

स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा

राज्‍यमंत्री राधा सिंह ने ली परेड की सलामी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस सिंगरौली जिले में हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम बैढ़न में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। मुख्य अतिथि पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्य अतिथि ने संदेश का वाचन किया। जिले की विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया। सशस्त्र बलों ने हर्ष फायर कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। विशेष सशस्त्र बल एवं जिला पुलिस बल के जवानों ने बैंड की धुन पर शानदार परेड प्रस्तुत की। राज्यमंत्री ने तीन रंगों के गुब्बारे आसमान में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की खुशी मनाई।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र के प्रहरियों का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और विकास योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
परेड में सूबेदार आशीष तिवारी एवं परेड उप कमांडर पुष्पेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में जवानों ने प्रदर्शन किया। वरिष्ठ वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल प्रथम, जिला पुलिस बल द्वितीय और विशेष सशस्त्र बल तृतीय रहा। जूनियर वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न का स्काउट दल प्रथम, एनएसएस महाविद्यालय बैढ़न द्वितीय तथा एनसीसी जूनियर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न तृतीय रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सिंगरौली प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न द्वितीय तथा संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल बैढ़न तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक राम निवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, पूर्व विधायक राम लल्लू बैस, पूर्व विधायक सुभाष बर्मा, प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष दिलीप शाह, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एसडीएम सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, डीपीसी आर.एल. शुक्ला सहित अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता, व्यापारी, पत्रकार, विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।
जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों और शासकीय कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैलियां निकाली गईं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button