गोड्डा
सावन की तीसरी सोमवारी को श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ठाकुरगंगटी। ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रावण मास की तीसरी सोमवारी को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जहां क्षेत्र के प्रसिद्ध भूमफोड़नाथ महादेव शिव मंदिर, बस्ता पहाड़ी में अहले सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का जनसैलाब देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के द्वारा बम बम भोले के साथ हरिराम संकीर्तन का भी आयोजन किया गया। मंदिर के महंत मोहन बाबा और सेवक तुकनी देवी ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। महिला श्रद्धालुओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही। वही, कहलगांव (बिहार) स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों के जत्थों ने भी भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भीड़ बनी रही। वही, धार्मिक आयोजन के साथ-साथ मंदिर परिसर के आसपास लगे अस्थायी दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की अच्छी चहल-पहल और खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा चपरी, महुआरा, मोरडीहा, माल मंडरो, भगैया सहित प्रखंड के अन्य शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इधर, थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने बताया कि सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किया गया है। विभिन्न मंदिरों में चौकीदारों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। इसके अलावा लगातार गश्त कर सभी धार्मिक स्थलों की निगरानी की जा रही थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार कोई परेशानियों का सामना करना ना पड़े।



