गाजियाबाद

साइकिल का टायर टकराने पर विवाद

ईंट से वार कर मजदूर की हत्या

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के राहुल एंक्लेव स्थित कासिम विहार कॉलोनी/इलायचीपुर में सोमवार देर शाम मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। साइकिल का टायर टकराने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने मजदूर के सिर और चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 30 वर्षीय शमशाद अली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी नाजिम को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से बदायूं निवासी शमशाद अली बेलदारी का काम करता था। सोमवार देर शाम वह काम खत्म करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नाजिम की साइकिल का टायर शमशाद से टकरा गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान नाजिम ने पास में पड़ी ईंट उठा ली और शमशाद के सिर तथा चेहरे पर कई वार कर दिए। हमले में शमशाद गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। उसके भाई सत्तार ने बीच-बचाव करते हुए उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल लोनी स्थित 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी लोनी राम किशन राना के निर्देशन में ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नाजिम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई है। मामूली कहासुनी में मजदूर की हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button