गोड्डा
गोड्डा के विकास को लेकर मंत्री से मिला झामुमो का प्रतिनिधिमंडल
टाउन हॉल के जीर्णोद्धार सहित कई मांगों पर मिला भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा शहर की मूलभूत सुविधाओं एवं विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर नगर विकास विभाग, झारखंड सरकार के मंत्री सुदीप्य कुमार सोनू से रांची स्थित उनके मंत्री आवास पर झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान गोड्डा नगर क्षेत्र में सड़क, नाला, सोलर लाइट, शहर की साफ-सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान विशेष रूप से गोड्डा के जर्जर टाउन हॉल के जीर्णोद्धार की मांग रखी गई। साथ ही शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नए टाउन हॉल के निर्माण की आवश्यकता से भी मंत्री जी को अवगत कराया गया, ताकि शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने गोड्डा शहर की वर्तमान समस्याओं और नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों पर शीघ्र पहल करने का आग्रह किया। इस पर मंत्री सुदीप्य कुमार सोनू ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई किए जाने का ठोस भरोसा दिया। इस दौरान केंद्रीय समिति सदस्य पुष्पेन्द्र टुडू एवं जिला संगठन सचिव शिव शंकर मंडल मौजूद थे।



